Hashmatullah Shahidi : अफगानिस्तान क्रिकेट में अचानक तहलका मच गया है. हश्मतुल्लाह शाहिदी ने वनडे क्रिकेट में कप्तानी को अलविदा कहने का फैसला कर लिया है. चार साल पहले उन्होंने अफगान टीम के लिए यह जिम्मेदारी संभाली थी और 2027 वनडे वर्ल्ड कप से एक साल पहले उन्होंने अपनी जिम्मेदारी से हटने का फैसला किया. शाहिदी ने सोशल मीडिया पर भावुक मैसेज लिखते हुए फैंस को अपने करियर के इस बड़े फैसले के बारे में बताया. वह आखिरी बार भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में कप्तानी करते हुए नजर आए थे.
हश्मतुल्लाह शाहिदी ने छोड़ी ODI कप्तानी
हश्मतुल्लाह शाहिदी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट डालते हुए कप्तानी छोड़ने का ऐलान किया. उन्होंने लिखा, ‘निजी तौर पर विचार करने के बाद मैंने कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है. इस टीम का नेतृत्व करना सम्मान की बात थी. मैं मैनेजमेंट, कोच, मेरे साथियों और समर्थकों को धन्यवाद कहना चाहता हूं, क्योंकि उन्होंने इस सफर में मुझ पर भरोसा जताया और मेरा साथ दिया. भले ही मैं कप्तानी छोड़ रहा हूं लेकिन मैं एक खिलाड़ी के तौर पर अपना पूरा योगदान देता रहूंगा. मुझे उम्मीद है कि नया कप्तान और टीम इसी तरह सफलता हासिल करें.’
कैसा रहा शाहिदी का कप्तान के रूप में कार्यकाल?
हश्मतुल्लाह शाहिदी ने जनवरी 2022 में अफगानिस्तान की कमान संभाली थी. उन्होंने 55 वनडे मैचों में अफगान टीम का नेतृत्व किया. उनकी लीडरशिप में अफगानिस्तान ने 2023 का एशिया कप और वर्ल्ड कप खेला. इसके अलावा चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भी उन्होंने टीम की कमान संभाली. उनकी कप्तानी में अफगानिस्तान ने कुल 27 मैच जीते. उन्होंने वर्ल्ड कप में इंग्लैंड, पाकिस्तान और श्रीलंका जैसी बड़ी टीमों को भी हराया.
शाहिदी की कप्तानी में ही अफगानिस्तान ने चैंपियंस ट्रॉफी में इंग्लैंड को हरा दिया था. उनके नेतृत्व में द्विपक्षीय सीरीज में अफगानिस्तान ने बांग्लादेश को तीन बार, जिम्बाब्वे को 2 बार, साउथ अफ्रीका और आयरलैंड को 1-1 बार हराया. कप्तान के तौर पर उनका औसत 33.79 रहा और उन्होंने 70.77 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की. कप्तान और एक खिलाड़ी, दोनों भूमिकाओं में उनका प्रदर्शन लगभग एक जैसा रहा.

Bhudev Bhagaliya is an experienced and senior journalist who has carved a distinct niche for himself in the world of Hindi journalism through his profound understanding and precise writing style. With over two decades of experience in the field of journalism, he has held key responsibilities at Dainik Hindustan for 12 years and at Amar Ujala for one year. Currently, he serves as the Content Editor for the Jagrook Youth News newspaper and portal, where he plays a crucial role in ensuring the quality and credibility of the news content. Bhudev Bhagaliya consistently writes about issues that help raise awareness within society and among the younger generation.