IPL 2026: ‘हिटमैन का नया अवतार’, रोहित शर्मा की फिटनेस पर MI के हेड कोच महेला जयवर्धने का बड़ा दावा

ताजे अपडेट पाने के लिये हमारे ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

मुंबई: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के महासंग्राम का बिगुल 28 मार्च से बजने जा रहा है। टूर्नामेंट का पहला ब्लॉकबस्टर मुक़ाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच खेला जाएगा। वहीं, पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस (MI) 29 मार्च को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ अपने अभियान का शंखनाद करेगी। इस हाई-वोल्टेज टूर्नामेंट से ठीक पहले मुंबई इंडियंस के हेड कोच महेला जयवर्धने ने टीम के स्टार ओपनर रोहित शर्मा (Rohit Sharma) की फिटनेस और फॉर्म को लेकर एक ऐसा दावा किया है, जिसने फैंस का उत्साह दोगुना कर दिया है।

‘रोहित अब पहले जैसे फिट और लय में हैं’

एमआई जूनियर 2026 (MI Junior 2026) फाइनल्स के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए जयवर्धने ने ‘हिटमैन’ की जमकर तारीफ की। उन्होंने स्पष्ट किया कि रोहित इस सीजन में एक अलग ही अंदाज में नजर आने वाले हैं। जयवर्धने ने कहा, “रोहित ने अपनी फिटनेस और कौशल पर काफी कड़ी मेहनत की है। पिछले हफ्ते उन्होंने अपनी स्किल्स पर काफी काम किया और वह अभ्यास शिविर (Training Camp) के पहले ही दिन से हमारे साथ जुड़ गए थे। नेट सत्र में वह पूरी तरह से लय में दिख रहे हैं। यह रोहित का एक नया रूप है। वह काफी फिट और पूरी तरह से समर्पित हैं। मैं उम्मीद कर रहा हूँ कि वह आगे बढ़कर टीम का नेतृत्व करेंगे।”

सूर्यकुमार यादव की फॉर्म पर नहीं है कोई चिंता

टी20 के धाकड़ बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) को लेकर भी जयवर्धने ने अपनी बेबाक राय रखी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें सूर्या की फॉर्म की कोई खास चिंता नहीं है। जयवर्धने ने कहा, “सूर्यकुमार एक कमाल के खिलाड़ी हैं और वह हमेशा सही समय पर टीम के लिए बड़ा योगदान देते हैं। हालांकि, निरंतरता (Consistency) एक ऐसा पहलू है जिस पर वह काम करना चाहेंगे, लेकिन हाल ही में जिस तरह से उन्होंने टीम का नेतृत्व किया है, वह वास्तव में काबिले-तारीफ है।”

बुमराह की कार्यशैली सबसे अलग

मुंबई इंडियंस के प्रमुख तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) की तारीफ करते हुए हेड कोच ने कहा, “बुमराह की कार्यशैली और खेल को समझने का नजरिया बिल्कुल अलग है। विश्व कप के अहम और दबाव वाले मौकों पर उनका प्रदर्शन हमेशा शानदार रहा है।”

जयवर्धने ने इस बात पर भी जोर दिया कि भारतीय महिला और पुरुष टीम की विश्व कप जीत ने एक पूरी पीढ़ी को प्रेरित किया है। उन्होंने गर्व के साथ कहा, “हमारी टीम में रोहित शर्मा, हार्दिक पांड्या, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा और जसप्रीत बुमराह जैसे विश्वस्तरीय मैच विनर खिलाड़ी मौजूद हैं, जो युवा क्रिकेटरों के लिए एक बड़ी प्रेरणा हैं।”