IPL 2026 : टूर्नामेंट शुरू होने से पहले चेन्नई सुपर किंग्स को लगा तगड़ा झटका, 2 करोड़ का धाकड़ गेंदबाज हुआ बाहर

IPL 2026 :नई दिल्ली/चेन्नई: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 19वें सीजन का काउंटडाउन शुरू हो चुका है और क्रिकेट फैंस बेसब्री से पहले मैच का इंतजार कर रहे हैं। लेकिन, टूर्नामेंट के आगाज से ठीक पहले पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खेमे से एक बेहद बुरी खबर सामने आई है। टीम के प्रमुख ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज नाथन एलिस (Nathan Ellis) गंभीर चोट (हैमस्ट्रिंग इंजरी) के कारण पूरे आईपीएल सीजन से बाहर हो गए हैं।

ताजे अपडेट पाने के लिये हमारे ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

डेथ ओवर्स की गेंदबाजी को लेकर बढ़ी सीएसके की टेंशन

स्पोर्ट्स स्टार की रिपोर्ट के अनुसार, 31 वर्षीय तेज गेंदबाज नाथन एलिस काफी समय से हैमस्ट्रिंग की समस्या से जूझ रहे हैं और टूर्नामेंट के शुरू होने तक उनके पूरी तरह से फिट होने की कोई संभावना नहीं है। सीएसके मैनेजमेंट ने ऑक्शन में इस खिलाड़ी पर भरोसा जताते हुए उन्हें 2 करोड़ रुपये की कीमत में अपनी टीम में शामिल किया था।

एलिस का बाहर होना कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ की मुश्किलें बढ़ाने वाला है। दरअसल, टीम मैनेजमेंट इस बार डेथ ओवर्स (अंतिम ओवरों) में गेंदबाजी का मुख्य जिम्मा एलिस को सौंपने की योजना बना रहा था। पिछले सीजन तक यह जिम्मेदारी मथीशा पथिराना निभाते थे, जिन्हें इस बार टीम ने रिलीज कर दिया है।

CIO सीईओ ने कहा- ‘यह एक बड़ा झटका है’

नाथन एलिस के आईपीएल रिकॉर्ड की बात करें तो उन्होंने अब तक 17 मैचों में 19 विकेट चटकाए हैं। पिछले सीजन में भी वह सीएसके का ही हिस्सा थे, हालांकि तब उन्हें केवल एक ही मुकाबले में प्लेइंग इलेवन में जगह मिल पाई थी, जिसमें उन्होंने 1 विकेट हासिल किया था।

एलिस के टूर्नामेंट से बाहर होने की पुष्टि करते हुए सीएसके के सीईओ के. एस. विश्वनाथन ने स्पोर्ट्स स्टार से बातचीत में कहा, “यह हमारे लिए यकीनन एक बहुत बड़ा झटका है। विशेष रूप से पारी के आखिरी ओवरों में गेंदबाजी के लिहाज से एलिस हमारे लिए एक बेहद अहम गेंदबाज थे। हम स्थिति का आकलन कर रहे हैं और जल्द ही उनकी जगह एक बेहतर रिप्लेसमेंट की तलाश पूरी कर लेंगे।”

IPL 2026 के लिए चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का स्क्वॉड:

ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), एमएस धोनी, संजू सैमसन, शिवम दुबे, डेवाल्ड ब्रेविस, आयुष म्हात्रे, कार्तिक शर्मा, सरफराज खान, उर्विल पटेल, अंशुल कंबोज, खलील अहमद, नूर अहमद, जेमी ओवरटन, रामकृष्ण घोष, प्रशांत वीर, मैथ्यू विलियम शॉर्ट, अमन खान, जैक फॉल्क्स, मुकेश चौधरी, श्रेयस गोपाल, गुरजापनीत सिंह, अकील होसेन, मैट हेनरी, राहुल चाहर। (नाथन एलिस – चोटिल)