Google Gemini का ‘Call for Me’ फीचर: अब AI आपकी तरफ से करेगा फोन कॉल

ज्यादातर लोग फोन पर बात करने के बजाय मैसेज करना पसंद करते हैं, लेकिन रोजमर्रा के कई काम ऐसे हैं जिनके लिए कॉल करना ही पड़ता है — रेस्टोरेंट में टेबल बुक करनी हो, दुकान में सामान का स्टॉक पूछना हो या किसी सर्विस की जानकारी लेनी हो. अब यह काम Google Gemini आपके लिए करेगा. कंपनी ने ‘Call for Me’ फीचर पेश किया है, जिसमें AI आपकी तरफ से बिजनेस को कॉल करके जरूरी जानकारी जुटाएगा.

ताजे अपडेट पाने के लिये हमारे ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

सिर्फ फोन लगाना नहीं, पूरी बातचीत संभालेगा AI

इस फीचर की सबसे बड़ी खासियत यह है कि Gemini सिर्फ कॉल लगाकर बात खत्म नहीं करेगा. AI ऑटोमेटेड फोन मेन्यू को खुद नेविगेट कर सकता है, सही विकल्प चुन सकता है और जरूरत पड़ने पर बिजनेस के स्टाफ से भी बात कर सकता है. अगर सामने वाला होल्ड पर रखता है तो Gemini वहां इंतजार भी करेगा.

Google इससे पहले Duplex और Ask for Me जैसे AI कॉलिंग टूल ला चुका है, लेकिन कंपनी के मुताबिक Call for Me ज्यादा जटिल रिक्वेस्ट संभालने के लिए तैयार किया गया है — जैसे किसी हार्डवेयर स्टोर में खास टूल का स्टॉक चेक करना या अपॉइंटमेंट दोबारा शेड्यूल करना.

ऐसे करें इस्तेमाल

Gemini मोबाइल ऐप में जाकर अपने प्रॉम्प्ट की शुरुआत @Call for me से करनी होगी. इसके बाद साफ शब्दों में बताएं कि AI से क्या करवाना चाहते हैं. प्रॉम्प्ट में तारीख, समय, अपनी पसंद और वैकल्पिक विकल्प भी दे सकते हैं — जैसे “कल शाम 7 बजे दो लोगों के लिए टेबल बुक करने की बात करो”.

कॉल से पहले Gemini पूरे टास्क का सारांश दिखाएगा — किस नंबर पर कॉल होगी और कौन-सी जानकारी साझा की जाएगी. सब कुछ सही लगने पर ही कॉल की अनुमति दें.

लाइव ट्रांसक्रिप्ट और पूरी कंट्रोल

कॉल के दौरान बातचीत को लाइव ट्रांसक्रिप्ट में देखा जा सकता है और ऑडियो भी सुना जा सकता है. चाहें तो बीच में कॉल कैंसिल कर सकते हैं या खुद कंट्रोल अपने हाथ में ले सकते हैं — ऐसी स्थिति में Gemini सामने वाले को जानकारी देकर बातचीत से हट जाएगा.

कुछ सीमाएं भी हैं

Gemini इस फीचर से इमरजेंसी कॉल नहीं कर सकता, आपकी तरफ से पेमेंट पूरा नहीं कर सकता और पासवर्ड जैसी संवेदनशील जानकारी साझा नहीं करेगा. फिलहाल यह फीचर 18 साल से ज्यादा उम्र के अमेरिकी यूजर्स के लिए है जो Pixel 11 सीरीज इस्तेमाल करते हैं, और अभी बीटा में पेड Gemini AI सब्सक्रिप्शन वालों को मिल रहा है.