IAS की नौकरी छोड़ने वाली दिव्या मित्तल का अगला कदम क्या? 29 सितंबर को होगा खुलासा

उत्तर प्रदेश कैडर की 2013 बैच की आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल इन दिनों जबरदस्त चर्चा में हैं. 13 साल लंबे प्रशासनिक सफर को अलविदा कहकर उन्होंने पिछले महीने इस्तीफा दे दिया था, जिसे सरकार ने मंजूर भी कर लिया है. अब सबसे बड़ा सवाल यही है — आगे क्या? राजनीति, कोचिंग, विदेश में नौकरी या घर? इसका जवाब वह खुद 29 सितंबर को सुबह 8:30 बजे देंगी.

ताजे अपडेट पाने के लिये हमारे ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

इस्तीफे से चौंका दिया था सबको

दिव्या मित्तल अपने बेबाक अंदाज और जमीनी काम के लिए जानी जाती रही हैं. जिलाधिकारी के तौर पर उन्होंने ईमानदार और मजबूत छवि बनाई. लेकिन इसी साल 30 अगस्त को उन्होंने अचानक पद से इस्तीफा दे दिया, जिसे राज्य सरकार ने 14 सितंबर को स्वीकार कर लिया. जेपी मॉर्गन लंदन की नौकरी छोड़कर देश सेवा में आई इस मेधावी अफसर का बीच सफर में प्रशासन छोड़ना हर किसी को हैरान कर गया.

‘X’ पर बढ़ाया सस्पेंस

खुद दिव्या मित्तल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक रहस्यमयी पोस्ट शेयर कर चर्चाओं को और हवा दे दी. उन्होंने लिखा कि लोग तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं — “बच्चे छोटे हैं, अब घर संभालेंगी”, “विदेश में अच्छा पैकेज मिलेगा”, “आईएएस पर किताब लिखेंगी या कोचिंग शुरू करेंगी”, “किसी राजनीतिक दल का टिकट पक्का हो गया होगा”. उन्होंने साफ किया कि 29 सितंबर को सुबह 8:30 बजे वह अपने अगले सफर का आधिकारिक ऐलान करेंगी.

शानदार शैक्षणिक बैकग्राउंड

दिव्या मित्तल ने आईआईटी दिल्ली से इंजीनियरिंग और आईआईएम बैंगलोर से मैनेजमेंट की पढ़ाई की है. कॉर्पोरेट सेक्टर में बड़ा मुकाम हासिल करने के बाद उन्होंने सिविल सेवा का रास्ता चुना था. अब देखना दिलचस्प होगा कि वह राजनीति के मैदान में उतरती हैं या शिक्षा के क्षेत्र में नई पारी शुरू करती हैं.