खेल जगत में शोक की लहर: वर्ल्ड चैंपियन खिलाड़ी की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत

:
पालघर: भारतीय खेल जगत के लिए एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। भारत के उभरते हुए सितारे और वर्ल्ड चैंपियन शूटर संभाजी पाटिल (27 वर्ष) की महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई है। इस घटना ने पूरे देश और खेल प्रेमियों को झकझोर कर रख दिया है।

ताजे अपडेट पाने के लिये हमारे ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now


कैसे हुआ हादसा?


जानकारी के मुताबिक, यह हादसा मुंबई-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर पालघर के पास हुआ। संभाजी पाटिल अपने साथी शूटर और दोस्त यश प्रशांत चौधरी के साथ पुणे से गुजरात प्रैक्टिस के लिए जा रहे थे। वे एक टोयोटा फॉर्च्यूनर कार में सवार थे। बताया जा रहा है कि कार यश चौधरी चला रहे थे। ओवरटेक करने की कोशिश के दौरान कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े एक भारी ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एसयूवी का अगला हिस्सा पूरी तरह से चकनाचूर हो गया।


मौके पर ही तोड़ा दम


पुलिस अधिकारियों के अनुसार, टक्कर कार की बाईं ओर (जहाँ संभाजी बैठे थे) ज्यादा भीषण थी, जिसके कारण संभाजी पाटिल गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, कार चला रहे उनके साथी यश चौधरी गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
संभाजी पाटिल का करियर और उपलब्धियां
संभाजी पाटिल शूटिंग की दुनिया में एक जाना-माना नाम थे। उन्होंने जूनियर वर्ल्ड कप में भारत के लिए गोल्ड मेडल जीता था।

  • गोल्ड मेडलिस्ट: 2016 में अज़रबैजान में हुए जूनियर वर्ल्ड कप में 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल इवेंट में गोल्ड मेडल जीता।
  • राष्ट्रीय स्तर पर: उन्होंने ऑल इंडिया रेलवे शूटिंग चैंपियनशिप में भी कई गोल्ड मेडल अपने नाम किए थे।
  • वह पुणे के बालेवाड़ी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में स्पोर्ट्स ऑफिसर के रूप में भी कार्यरत थे और युवा खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करते थे।
    महज 27 साल की उम्र में इस होनहार खिलाड़ी का यूं चले जाना देश के लिए एक बड़ी क्षति है। पुलिस ने मामले में एक्सीडेंटल डेथ का केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।