T20 Rankings: दुबई: भारत के उभरते सितारे अभिषेक शर्मा ने क्रिकेट की दुनिया में तहलका मचा दिया है। बुधवार को जारी आईसीसी टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में अभिषेक ने ऐतिहासिक 931 रेटिंग अंकों के साथ शीर्ष स्थान को और पक्का कर लिया। दूसरी ओर, भारत के स्टार गेंदबाज वरुण चक्रवर्ती ने भी टी20 गेंदबाजी रैंकिंग में अपनी बादशाहत कायम रखी है। लेकिन एक बड़ा उलटफेर तब हुआ, जब पाकिस्तान के सईम अयूब ने भारत के हार्दिक पंड्या को पछाड़कर टी20 ऑलराउंडर रैंकिंग में पहला स्थान हासिल कर लिया। हाल ही में खत्म हुए एशिया कप में भारत की धमाकेदार जीत के बाद अभिषेक ने नया कीर्तिमान स्थापित किया और करीब पांच साल पुराने रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया।
अभिषेक ने तोड़ा डेविड मलान का रिकॉर्ड आईसीसी के मुताबिक, 25 साल के अभिषेक शर्मा ने इंग्लैंड के बल्लेबाज डेविड मलान के 2020 में बनाए 919 रेटिंग अंकों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। एशिया कप में 200 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट के साथ रनों की बरसात करने वाले अभिषेक टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बने। उन्होंने अपने साथी खिलाड़ियों सूर्यकुमार यादव (912 अंक) और विराट कोहली (909 अंक) के पिछले सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया। पिछले साल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने वाले अभिषेक ने एशिया कप के सात मैचों में 44.85 की औसत से 314 रन बनाए, जिसने उन्हें दुनिया भर में सुर्खियां दिलाईं।
तिलक वर्मा तीसरे स्थान पर चमके अभिषेक इंग्लैंड के फिल सॉल्ट से 82 रेटिंग अंक आगे हैं, जो दूसरे स्थान पर हैं। भारतीय टीम के उनके साथी तिलक वर्मा ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया है। तिलक ने एशिया कप में 213 रन बनाए।
श्रीलंका के पथुम निसांका ने 261 रनों की बदौलत दो स्थान की छलांग लगाकर करियर का सर्वश्रेष्ठ पांचवां स्थान हासिल किया। वहीं, श्रीलंका के कुसाल परेरा (नौवें स्थान), पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान (13वें स्थान) और भारत के संजू सैमसन (31वें स्थान) ने भी एशिया कप में शानदार प्रदर्शन के दम पर अपनी रैंकिंग में सुधार किया।
वरुण चक्रवर्ती का गेंदबाजी में जलवा एशिया कप में सात विकेट झटकने वाले वरुण चक्रवर्ती ने टी20 गेंदबाजी रैंकिंग में नंबर एक का ताज बरकरार रखा है। उनके साथी भारतीय गेंदबाज कुलदीप यादव ने नौ स्थान की छलांग लगाकर 12वां स्थान हासिल किया। पाकिस्तान के शाहीन अफरीदी (13वें स्थान) और बांग्लादेश के रिषाद हुसैन (20वें स्थान) ने भी रैंकिंग में उछाल देखा। ऑलराउंडर रैंकिंग में सईम अयूब ने हार्दिक पंड्या को पीछे छोड़कर पहली बार शीर्ष स्थान हासिल किया।
अयूब भले ही बल्ले से नाकाम रहे, लेकिन गेंदबाजी में उन्होंने आठ विकेट लेकर सबको चौंका दिया। इस प्रदर्शन ने उन्हें चार स्थान का फायदा दिलाया और पंड्या को दूसरे स्थान पर धकेल दिया। पंड्या अब अयूब से आठ रेटिंग अंक पीछे हैं। पाकिस्तान के मोहम्मद नवाज (13वें स्थान) और श्रीलंका के चरित असलंका (30वें स्थान) की रैंकिंग में भी सुधार हुआ।

Babita Singh has approximately six years of experience working in media, astrology, and religious subjects. She has a strong grasp of topics such as Samudrik Shastra, numerology, Vastu Shastra, Feng Shui, mythological tales, and planetary transits. Additionally, she possesses a solid knowledge of religious scriptures. In her free time, she particularly enjoys reading religious texts, researching them, and sharing accurate information with the public.