BSNL का नया ऑफर: रिचार्ज के साथ मिलेगा 1 लाख का एक्सीडेंट इंश्योरेंस और साइबर फ्रॉड कवर

सरकारी टेलीकॉम कंपनी BSNL ने अपने ग्राहकों को बड़ी सौगात दी है। अब मोबाइल रिचार्ज के साथ ग्राहकों को 1 लाख रुपये तक का एक्सीडेंट इंश्योरेंस और 10 हजार रुपये तक का साइबर फ्रॉड कवर मुफ्त मिलेगा। कंपनी ने अपने फाउंडेशन डे पर यह बड़ा ऐलान किया है। इस पहल का मकसद कॉलिंग और डेटा के साथ ग्राहकों को सुरक्षा कवच भी देना है।

ताजे अपडेट पाने के लिये हमारे ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

किन प्लान के साथ मिलेगा मुफ्त इंश्योरेंस

यह इंश्योरेंस हर प्लान के साथ नहीं मिलेगा। BSNL ने The Oriental Insurance Company Limited यानी OICL के साथ साझेदारी की है और चुनिंदा प्रीपेड प्लान जैसे STV 202 और STV 2449 पैक के साथ यह सुविधा दी जाएगी। इन प्लान पर रिचार्ज करने वाले ग्राहकों को अलग से कोई इंश्योरेंस प्रीमियम नहीं देना होगा।

इस सुविधा में 1 लाख रुपये तक का एक्सीडेंटल डेथ कवर और 10 हजार रुपये तक का साइबर फ्रॉड कवर शामिल है। खास बात यह है कि ग्राहकों को इसके लिए कोई अलग प्रक्रिया पूरी नहीं करनी होगी। पात्र प्लान पर रिचार्ज करने के 24 घंटे बाद इंश्योरेंस अपने आप एक्टिव हो जाएगा और प्लान की अवधि खत्म होने तक जारी रहेगा।

एक्सीडेंट कवर में क्या-क्या शामिल है

एक्सीडेंट कवर में जलने, सांप के काटने, बिजली गिरने, करंट लगने और सड़क हादसे जैसी घटनाएं शामिल हैं। किसी दुर्घटना की स्थिति में 48 घंटे के अंदर OICL को इसकी जानकारी देनी होगी। क्लेम से जुड़ी जानकारी के लिए ग्राहक OICL के टोल फ्री नंबर 1800-11-8485 पर संपर्क कर सकते हैं या Claims.bsnl@orientalinsurance.co.in पर ईमेल कर सकते हैं।

साइबर फ्रॉड पर भी मिलेगी मदद

साइबर फ्रॉड कवर उन यूजर्स के लिए लागू होगा, जिनका BSNL मोबाइल नंबर बैंक अकाउंट से लिंक है। इसके तहत फिशिंग, ईमेल स्पूफिंग और ऑनलाइन चोरी जैसे मामलों में होने वाले आर्थिक नुकसान के लिए 10 हजार रुपये तक का कवर मिलेगा। साइबर फ्रॉड की घटना होने पर सात दिनों के अंदर इसकी जानकारी देनी होगी।

Bharat Fibre यूजर्स को OTT चुनने की आजादी

BSNL ने Bharat Fibre यानी FTTH ब्रॉडबैंड यूजर्स के लिए भी बड़ी सुविधा शुरू की है। अब यूजर्स 25 से ज्यादा OTT प्लेटफॉर्म की लिस्ट में से अपनी पसंद के ऐप चुन सकेंगे। इसमें Disney+ Hotstar, SonyLIV और ZEE5 के साथ कई रीजनल OTT ऐप भी शामिल हैं। खास बात यह है कि यूजर्स हर महीने अपनी पसंद बदल भी सकेंगे। यह सुविधा BSNL के CinemaPlus पोर्टल के जरिए मिलेगी।

कंपनी का कहना है कि इन दोनों सुविधाओं का मकसद ग्राहकों को अपनी जरूरत के हिसाब से सेवाएं चुनने की आजादी देना है। खासकर छोटे शहरों, गांवों और ऐसे इलाकों में रहने वाले ग्राहकों को इसका फायदा मिलने की उम्मीद है, जहां अलग से इंश्योरेंस लेना आसान नहीं होता। प्राइवेट टेलीकॉम कंपनियों के महंगे होते प्लान के दौर में BSNL की यह पहल ग्राहकों के लिए राहत भरी मानी जा रही है।