IPL से पहले मैच खेलते समय बैट्समैन की मौत

शाहजहांपुर: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर से एक बेहद दुखद और हैरान करने वाली खबर सामने आई है। ओसीएफ (OCF) ग्राउंड में दोस्तों के साथ क्रिकेट खेल रहे 30 वर्षीय यूपी क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) के अंपायर सोनल चंद्रा की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना के वक्त वह बैटिंग कर रहे थे। सोनल की मौत से पहले का एक ड्रोन वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

ताजे अपडेट पाने के लिये हमारे ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

मैदान पर बिगड़ी तबीयत, सीढ़ियों पर लिटाया

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आदर्शनगर कॉलोनी निवासी सोनल चंद्रा शनिवार दोपहर करीब दो बजे अपने दोस्तों के साथ ओसीएफ ग्राउंड में क्रिकेट खेलने गए थे। जब वह बैटिंग कर रहे थे, तभी अचानक उन्हें घबराहट और उलझन महसूस होने लगी। तबीयत बिगड़ती देख उनके साथियों ने उन्हें तुरंत मैदान की सीढ़ियों पर लिटा दिया। हालत में कोई सुधार न होने पर दोस्त उन्हें पहले ओसीएफ अस्पताल और फिर एक निजी अस्पताल ले गए। बाद में परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए बरेली ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही सोनल ने दम तोड़ दिया।

ड्रोन कैमरे में कैद हुए आखिरी पल

सोनल क्रिकेट के बेहद शौकीन थे और जब भी खेलते थे, अपने ड्रोन कैमरे से वीडियो जरूर बनवाते थे। शनिवार को भी उनका ड्रोन वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था। सामने आए वीडियो में सोनल क्रिकेट किट पहने और हाथ में बैट लिए पिच के पास टहलते नजर आ रहे हैं। वहीं, एक अन्य वीडियो फुटेज में वह तबीयत बिगड़ने के बाद सीढ़ियों पर लेटे हुए दिखाई दे रहे हैं।

शहीद पिता का इकलौता सहारा थे सोनल सोनल चंद्रा पेशे से अंपायर थे और लगभग 3 साल पहले ही यूपी क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) के अंपायर पैनल में शामिल हुए थे। उनके परिवार का बैकग्राउंड बेहद सम्मानित रहा है:

  • पिता की शहादत: सोनल के पिता महेश चन्द्रा सीमा सुरक्षा बल (BSF) में तैनात थे और 30 साल पहले देश की सेवा करते हुए शहीद हो गए थे।
  • मां हैं रिटायर्ड टीचर: उनकी मां सुनीता चंद्रा एक शिक्षिका थीं, जो करीब एक साल पहले ही अपने पद से रिटायर हुई हैं। सोनल अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

पुलिस को नहीं दी गई सूचना

घटना के बाद परिजन बिना पुलिस को सूचना दिए ही सोनल का शव लेकर घर चले गए। इस मामले में रोजा थाना प्रभारी राजीव रंजन ने बताया कि उनके पास क्रिकेट खेलने के दौरान किसी युवक की मौत की कोई आधिकारिक सूचना या शिकायत नहीं आई है। यदि कोई शिकायत प्राप्त होती है, तो उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।